चंडीगढ़ , जनवरी 29 -- पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने गुरु रविदास जयंती पर राष्ट्रीय छुट्टी घोषित करने की मांग की है।
श्री वडिंग ने गुरुवार को यहां जारी बयान में कहा कि वह आज लोकसभा में 'शून्य काल' के दौरान इस मामले को उठाना चाहते थे। इससे पहले कि वह इस मामले को उठा पाते, लोकसभा स्थगित हो गई।
बाद में उन्होंने पत्रकारों के साथ एक अनौपचारिक बातचीत में कहा कि गुरु रविदास के अनुयायियों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग है कि अन्य गुरुओं और पैगंबरों की जयंती की तरह गुरु रविदास जयंती को भी राष्ट्रीय छुट्टी घोषित किया जाए।
श्री वडिंग ने कहा कि गुरु रविदास के लाखों-करोड़ों अनुयायी हैं जो उनकी दिव्य श्रद्धा से पूजा करते हैं। उन्होंने बताया कि अन्य गुरुओं और पैगंबरों की जयंती पहले से ही राष्ट्रीय छुट्टियों के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि चूंकि वह पंजाब से आते हैं और जहां गुरु रविदास के बड़ी संख्या में अनुयायी हैं, इसलिए वह इस मामले को कई मंचों पर उठा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित