अमृतसर , अगस्त 17 -- पंजाब के जेल मंत्री डॉ रवजोत सिंह ने सोमवार को गुरु नानक मेडिकल कॉलेज, अमृतसर में पंजाब सरकार द्वारा निर्मित 30 बिस्तरों वाले कैदी वार्ड का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस नये वार्ड का उद्देश्य जेलों में बंद कैदियों और विचाराधीन बंदियों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और व्यवस्थित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि कैदी और विचाराधीन बंदी भी समाज का हिस्सा हैं और उनकी आवश्यकताओं के अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नये वार्ड में कैदियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी तथा इलाज के दौरान पर्याप्त चिकित्सा देखभाल के साथ पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
जेल मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार जेलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि कैदियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
डॉ. सिंह ने नवनिर्मित वार्ड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कैदियों और विचाराधीन बंदियों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने, साफ-सफाई बनाये रखने तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
वार्ड के उद्घाटन के बाद जेल मंत्री डॉ. सिंह ने केंद्रीय जेल अमृतसर का दौरा कर कैदियों और विचाराधीन बंदियों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं तथा जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उन्होंने कैदियों और विचाराधीन बंदियों से बातचीत कर जेल में मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में उनका फीडबैक लिया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमों के अनुसार कैदियों की वास्तविक आवश्यकताओं का समाधान किया जाए और उन्हें सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित