रांची , फरवरी 19 -- झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जनता से रांची की पहली महिला मेयर रहीं रमा खलखो के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
हटिया रेलवे मार्केट और वार्ड नंबर 50 के हुंडरू में आज जन संपर्क अभियान और चुनावी सभा में हिस्सा लिया। वहीं रांची नगर निगम चुनाव के दंगल में कांग्रेस ने मेयर पद की उम्मीदवार रमा खलखो के पक्ष में पूरी ताकत झोंक दी है। मतदान की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है प्रचार अभियान में तेज होता जा रहा है।
वहीं सुश्री तिर्की ने मतदाताओं से कहा कि मेयर के पद पर आखिर रमा खलखो ही क्यों ? इसको जानने और समझने की जरूरत है। रमा खलखो शिक्षित, अनुभवी, आंदोलनकारी, जिम्मेवार, मिलनसार और जनता के सुख - दुःख में हमेशा खड़ी रहने वाली नेत्री है। आज रांची शहर में जो कुछ भी काम दिख रहा है वो उन्हीं के कार्यकाल के समय का है। उनके पास रांची नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का विजन है।
सुश्री तिर्की ने कहा कि ये चुनाव शहर की सरकार चुनने का है। इसके लिए पार्षदों के बीच बेहतर तालमेल और अधिकारियों को साथ लेकर चलने वाले जन प्रतिनिधि की जरूरत है। पूर्व की मेयर का कार्यकाल आपसी लड़ाई झगड़ा और अधिकारियों से खींचतान में ही व्यतीत हो गया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में धर्म- जाति- राजनीति से ऊपर उठकर एक ऐसे जन प्रतिनिधि को चुनने की जरूरत है जो समाज में एकता और शहर में शांति का पैगाम लेकर विकास की राह पर आगे बढ़ सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित