पटना, मार्च 16 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने बिहार में संपन्न राज्य सभा चुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार की हार का ठीकरा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर फोड़ते हुए कहा कि रमजान के महीने में परवरदिगार ने उनके गुनाहों की सजा मुकर्रर कर दी है।

जदयू प्रवक्ता ने बिहार में राज्यसभा चुनाव परिणाम आने के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया और कहा कि श्री यादव अपने गठबंधन के साथियों से समन्वय स्थापित नही कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी पार्टी के विधायकों का भी विश्वास प्राप्त नही है । उन्होंने कहा कि विधायकों को होटल में बंद कर के रखना इस बात को बताता है कि श्री यादव को अपनी पार्टी के विधायकों पर भरोसा नही है। उन्होंने कहा कि इस हार की पूरी जिम्मेदारी तेजस्वी यादव की है।

श्री कुमार ने कहा कि चुनाव परिणाम आ चुके हैं और राजद के पराजित उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह को महागठबंधन की पोल खोल देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्री सिंह को यह बताना चाहिए कि महागठबंधन के लोगो ने किस तरह उनको धारण करने का प्रयास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित