चंडीगढ़ , मार्च 20 -- हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नगर ने घरौंदा अनाज मंडी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कमीशन एजेंटों और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी गेहूं खरीद सीजन से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जायें। मंडियों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली, कैंटीन, शेड और सड़कों की मरम्मत जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सरसों की खरीदमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो और किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि मंडियों से गेहूं उठान के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निविदा जारी की जा चुकी है और जल्द ही ट्रकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, पर्याप्त बोरियों की व्यवस्था भी की जा रही है और सभी खरीद एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिये गये हैं।
मंत्री ने कहा कि रबी सीजन के दौरान किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी और उनकी उपज का एक-एक दाना सरकार द्वारा खरीदा जाएगा। यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो किसान तुरंत इसकी सूचना दे सकते हैं, जिस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मंडी आरपीओ, अध्यक्ष और अन्य अधिकारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई है। फिलहाल कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आयी है, और यदि भविष्य में कोई दिक्कत आती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाएगा।
इस मौके पर डीएफएससी मुकेश कुमार और मंडी अध्यक्ष सुखबीर सिंह संधू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित