चंडीगढ़ , नवंबर 04 -- हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चालू रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाया जाए, ताकि फसलों की बिजाई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि पानी की सीमित उपलब्धता के बावजूद सरकार हर क्षेत्र के किसानों को उनके हिस्से का पूरा पानी देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने पानी के वितरण और उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पानी के आवंटन से जुड़े पुराने रिकॉर्ड और निर्धारित मानदंडों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही पानी की उपलब्धता, सिंचित क्षेत्र और किसानों की जरूरतों के अनुसार समय-समय पर वितरण व्यवस्था का आकलन करने को कहा।

सुश्री चौधरी ने नहरी पानी की चोरी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पानी का उचित वितरण हो सके। बैठक में बाढ़ नियंत्रण उपायों, वन विभाग से संबंधित मंजूरियों, भूमि की निशानदेही और पंपों की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने निर्देश दिए कि वन संबंधी स्वीकृतियों के अभाव में विकास कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहें। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित