पटना , जनवरी 21 -- रबी विपणन मौसम 2026-27" के अंतर्गत गेहूँ अधिप्राप्ति के लिये कृषि विभाग के पोर्टल पर किसानों का ऑनलाइन निबंधन बुधवार से प्रारंभ हो गया है।
गेहूँ अधिप्राप्ति के लिये ई-सहकारी पोर्टल के किसान कॉर्नर में जाकर "गेहूँ अधिप्राप्ति 2026 के लिये आवेदन प्रपत्र" लिंक का चयन कर निबंधन / आवेदन किया जा सकता है। जो किसान पूर्व वर्ष में गेहूँ बिक्री के लिये उक्त पोर्टल पर निबंधित थे, उन्हें इस वर्ष पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, यदि किसी किसान को भूमि विवरण अथवा नामित सदस्य संबंधी जानकारी में संशोधन करना हो, तो वे पोर्टल के माध्यम से आवश्यक बदलाव कर सकते हैं।
किसानों के हित में सरकार ने "रबी विपणन मौसम 2026-27" में गेहूँ के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। "रबी विपणन मौसम 2026-27" के लिये गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585/-रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पूर्व वर्ष की तुलना में 160/-रूपये प्रति क्विंटल अधिक है। इससे राज्य के गेहूँ उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा।
गेहूँ बिक्री के बाद किसानों को 48 घंटों के भीतर पी.एफ.एम.एस प्रणाली के माध्यम से उनके नामित बैंक खाते में भुगतान किया जाएगा। किसान अपनी सुविधा के अनुसार पंचायत स्तर पर अवस्थित पैक्स अथवा प्रखंड स्तर पर अवस्थित व्यापार मंडल में गेहूँ की बिक्री कर सकते हैं।
गेहूं अधिप्राप्ति प्रारंभ होने की संभावित तिथि एक अप्रैल, 2026 है।ऑनलाइन निबंधन अथवा अधिप्राप्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिये किसान अपने प्रखंड में पदस्थापित सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी अथवा संयुक्त निबंधक के कार्यालय से सम्पर्क कर सकते हैं।
"रबी विपणन मौसम 2026-27" के अंतर्गत गेहूँ अधिप्राप्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिये किसान विभागीय हेल्पलाइन नं० 0612-2200693 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित