पटना , नवंबर 07 -- कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा कि राज्य में खेती का रकबा बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से इस वर्ष वासंतिक (रबी) महाअभियान के तहत 48 लाख हेक्टेयर में खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में यह छह लाख हेक्टेयर अधिक है।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार हल्दी, अदरक, टमाटर, मिर्च, पत्तागोभी और प्याज जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित करेगी। इसके लिए किसानों को निर्धारित लागत का 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।

श्री सिन्हा ने बताया कि पिछले वर्ष राज्य में लगभग 42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की खेती हुई थी। इस वर्ष करीब 48 लाख हेक्टेयर में खेती कराने की तैयारी है। निर्धारित लक्ष्य में लगभग 24 लाख हेक्टेयर में गेहूं, छह लाख हेक्टेयर में वासंतिक मक्का, पांच लाख हेक्टेयर में दलहन, चार लाख हेक्टेयर में तिलहन तथा नौ लाख हेक्टेयर में आलू, सब्जी, मसाला और अन्य फसलों की खेती शामिल है।

उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य को जमीन पर उतारने के लिए सभी जिलों, प्रखंडों और पंचायतों में खेती की नियमित समीक्षा की जाएगी। जहां लक्ष्य प्राप्ति में कमी सामने आएगी, उसे दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सरकार का जोर खेती का रकबा बढ़ाने के साथ फसल विविधीकरण और किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित