मुरैना , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रबी फसल की सिंचाई के लिए किसानों को 01 नवंबर से नहरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में रबी फसल वर्ष 2026-27 के लिए चंबल नहर प्रणाली के अंतर्गत नहरों की साफ-सफाई, सिंचाई के लिए जल उपलब्धता और नहर संचालन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को जिले की सभी नहरों की साफ-सफाई का कार्य 20 अक्टूबर से पहले अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नहरों की साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने को कहा।
उन्होंने कहा कि रबी फसल के लिए 01 नवंबर से पलेवा सहित चार बार सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। नहरों का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित करने के साथ नहरों की स्थिति, जल प्रवाह और जल वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी तथा मैदानी स्तर की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार रबी सीजन में चंबल नहर प्रणाली का संचालन चार चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में अंबाह शाखा नहर 01 से 20 नवंबर 2026 तक तथा निचली मुख्य नहर एवं मुरैना शाखा नहर 21 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक संचालित होंगी। द्वितीय चरण में अंबाह शाखा नहर 11 से 30 दिसंबर 2026 तक तथा निचली मुख्य नहर एवं मुरैना शाखा नहर 31 दिसंबर 2026 से 19 जनवरी 2027 तक संचालित की जाएंगी।
तृतीय चरण में अंबाह शाखा नहर 20 जनवरी से 08 फरवरी 2027 तक तथा निचली मुख्य नहर एवं मुरैना शाखा नहर 09 से 28 फरवरी 2027 तक संचालित होंगी। चतुर्थ चरण में अंबाह शाखा नहर 01 से 15 मार्च 2027 तक तथा निचली मुख्य नहर एवं मुरैना शाखा नहर 16 से 31 मार्च 2027 तक संचालित की जाएंगी।
जल संसाधन विभाग ने रबी सीजन में चंबल नहर प्रणाली के अंतर्गत कुल 01 लाख 96 हजार 115 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का लक्ष्य प्रस्तावित किया है। इसमें 01 लाख 83 हजार 23 हेक्टेयर वृहद सिंचाई तथा 13 हजार 92 हेक्टेयर लघु सिंचाई क्षेत्र शामिल है।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती गुर्जर, क्षेत्रीय विधायक दिनेश गुर्जर, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री अंकित धाकड़ सहित संबंधित अनुविभागीय अधिकारी एवं सिंचाई विभाग के सब इंजीनियर उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक ने सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव दिए, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित