चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्र सरकार द्वारा रबी सत्र 2027-28 के लिए अधिसूचित सभी छह फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी का गुरुवार को स्वागत किया और कहा कि इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
श्री ढिल्लों ने कहा कि दालों और तिलहन जैसी फसलों के एमएसपी में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि से किसानों को पारंपरिक फसलों के बजाय अन्य फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब हरियाणा में भावांतर योजना के तहत 23 फसलों को एमएसपी का समर्थन दिया जा रहा है, तो पंजाब में ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पहले मूंग के लिए एमएसपी की घोषणा की थी, लेकिन इसे प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर 23 फसलों के लिए एमएसपी सुनिश्चित की जायेगी। इससे किसानों को मूल्य सुरक्षा मिलेगी और फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
श्री ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हर वर्ष एमएसपी में वृद्धि किये जाने से उन दावों का भी जवाब मिलता है कि केंद्र एमएसपी व्यवस्था समाप्त करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित