नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- चालू रबी बुवाई सत्र में अबतक कुल रकबा पिछले साल इसी अवधि की तुलना में 20.88 लाख हेक्टेयर बढ़कर 652.33 लाख हेक्टेयर हो गया है।

कृषि मंत्रालय की सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस वर्ष अबतक गेहूं, धान और दलहनों का रकबा पिछले साल से क्रमशः 6.13 लाख हेक्टेयर, 4.61 लाख हेक्टेयर और 3.82 लाख हेक्टेयर अधिक है। श्री अन्न और मोटे अनाज तथा तिलहन के रकबे में भी क्रमशः 2.79 लाख हेक्टेयर और 3.53 लाख हेक्टेयर की वृद्धि है।

पिछले साल अब तक रबी का कुल रकबा 631.45 लाख हेक्टेयर था। विज्ञप्ति के अनुसार, इस साल गेहूं का रकबा 334.17 लाख हेक्टेयर, धान 25.58 लाख हेक्टेयर और दलहनों का 137 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है। श्री अन्न और मोटे अनाज का रकबा 58.72 लाख हेक्टेयर तथा तिलहनों का 96.86 लाख हेक्टेयर हो गया है।

इस बार मोटे अनाजों में ज्वार के रकबे में पिछले साल की तुलना में 1.32 लाख हेक्टेयर की गिरावट दिख रही है। पिछले साल अबतक 23.85 लाख हेक्टेयर में ज्वार की बुवाई हुई थी जो इस समय 22.54 लाख हेक्टेयर पर पहुंची है।

इस बार चने के रकबे में 4.66 लाख हेक्टेयर की महत्वपूर्ण वृद्धि चल रही है।

सरकार ने दलहन, तिलहन और श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देने के लिए अभियान भी शुरू किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित