नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- देश में रबी फसलों का कुल बुवाई क्षेत्र 676.84 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है जो पिछले साल के मुकाबले 15.88 लाख हेक्टेयर ज़्यादा है।
कृषि के सोमवार को यहां जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार गेहूं की बुवाई खेती में भी इस साल अच्छी तेजी बनी हुयी है। गत 30 जनवरी तक गेहूं का रकबा 334.17 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है जो पिछले साल की तुलना में 6.13 लाख हेक्टेयर अधिक है।
दलहन फसलों के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। इस बार दलहन का कुल रकबा 139.55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। यह पिछले साल से 5.03 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। खास बात यह है कि चने की बुवाई में 4.98 लाख हेक्टेयर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रबी सीजन में मोटे अनाज की खेती में भी मजबूती देखने को मिली है। इन फसलों की बुवाई का कुल क्षेत्र बढ़कर 60.93 लाख हेक्टेयर हो गया है। मक्का का रकबा इस बार 29.16 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है। यह पिछले साल की तुलना में करीब 1.36 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित