डरबन , अक्टूबर 08 -- कगिसो रबाडा शुक्रवार को डरबन में शुरू होने वाले दक्षिण अफ़्रीका के ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट से आधिकारिक तौर पर बाहर हो गए हैं। रबाडा को विंटर ट्रेनिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी और मई के अंत में आईपीएल के बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। उन्होंने पिछले साल अक्टूबर में पाकिस्तान दौरे के बाद से कोई टेस्ट भी नहीं खेला है।

रबाडा ने टेस्ट सीरीज़ से पहले गेंदबाज़ी में वापसी ज़रूर की थी और वीकेंड पर दक्षिण अफ़्रीका के इंट्रा-स्क्वाड ट्रेनिंग मैच में हिस्सा भी लिया था। इसके बाद गुरुवार को किंग्समीड में उन्होंने एक और ट्रेनिंग सेशन किया। हालांकि, दक्षिण अफ़्रीका ने उन्हें आठ टेस्ट वाले घरेलू सीज़न से पहले पूरी तरह मैच-फ़िट होने के लिए थोड़ा और समय देने का फ़ैसला किया है।

दक्षिण अफ़्रीका के कप्तान टेम्बा बवूमा ने कहा, "हमने थोड़ा सतर्क रुख़ अपनाया और उन्हें कुछ अतिरिक्त दिन देने का फ़ैसला किया, ताकि वह 100 प्रतिशत फ़िटनेस के जितना क़रीब पहुंच सकें।" हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए रबाडा की वापसी तय है या नहीं।

बवूमा ने कहा, "हमें अपनी मेडिकल टीम पर भरोसा है कि वह उन्हें उस स्थिति में पहुंचा देगी, जहां हम उन्हें चाहते हैं। लेकिन उन्होंने अभी आधिकारिक तौर पर कगिसो को हमारे हवाले नहीं किया है। वह अभी मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। जैसे ही उन्हें हरी झंडी मिलती है, हम उम्मीद करते हैं कि वह प्लेइंग XI का हिस्सा होंगे।"रबाडा की ग़ैरमौजूदगी में दक्षिण अफ़्रीका ने ऐसी XI चुनी है जिसमें एनरिख़ नॉर्खिये शामिल हैं। नॉर्खिये मार्च 2023 के बाद पहली बार टेस्ट खेलेंगे। नॉर्खिये अब सीएसए के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा नहीं हैं और अप्रैल 2023 के बाद से किसी मैच में उन्होंने आठ ओवर से ज़्यादा गेंदबाज़ी नहीं की है। हालांकि, डरबन में नेट्स पर वह प्रभावशाली रहे हैं और बुधवार को उनकी रफ़्तार ख़ास तौर पर शानदार रही, जिसके बाद टीम में उनकी जगह पक्की हुई। गुरुवार के वैकल्पिक ट्रेनिंग सेशन में दक्षिण अफ़्रीका के ज़्यादातर खिलाड़ी पहुंचे। सिर्फ़ बवूमा, महाराज, बॉश और रायन रिकलटन ट्रेनिंग से ग़ैरहाज़िर रहे।

बवूमा ने कहा, "नॉर्खिये जैसे खिलाड़ी को नज़रअंदाज़ करना मुश्किल है। वह एक्स-फ़ैक्टर हैं। ऐसे बहुत कम खिलाड़ी हैं जो 150 किमी प्रति घंटा से ज़्यादा की रफ़्तार से गेंदबाज़ी करते हैं और बतौर बल्लेबाज़ मैं ऐसी गेंदबाज़ी का सामना करना नहीं चाहूंगा। तेज़ गेंदबाज़ी के मामले में वह हमारी रणनीति में अच्छी तरह फिट बैठते हैं। रेड-बॉल क्रिकेट में उनके पास ज़्यादा ओवर गेंदबाज़ी करने का अनुभव नहीं है, लेकिन वह गेंदबाज़ी कोचों के साथ काम कर रहे हैं। यहां सीरीज़ से पहले हमें जितना समय मिला है, उसमें भी वह नेट्स में काफ़ी प्रभावशाली रहे हैं। इसलिए एनरिख़ नॉर्खिये को मौक़ा देना सोच-समझकर लिया गया फ़ैसला था।"नॉर्खिये के चोटिल होने के इतिहास, ख़ास तौर पर पीठ में स्ट्रेस फ़्रैक्चर को देखते हुए, उनके वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी दक्षिण अफ़्रीका की मेडिकल टीम नज़र रखेगी। बवूमा ने कहा, "इस व्यस्त सीज़न में दक्षिण अफ़्रीका के सभी गेंदबाज़ों की तरह उनका भी जितना संभव हो सके उतना सही तरीक़े से मैनेजमेंट किया जाएगा। सच कहूं तो मेरा ध्यान अभी कल होने वाले मैच पर है।"नॉर्खिये के साथ तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण में मार्को यानसन और वियान मुल्डर होंगे। दूसरे ऑलराउंडर के तौर पर कॉर्बिन बॉश की जगह मुल्डर को चुना गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित