कोलकाता , जुलाई 15 -- पश्चिम बंगाल सरकार ने गुरुवार को होने वाली रथ यात्रा के मद्देनजर कोलकाता और राज्य के अन्य जिलों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। राज्य सचिवालय नबन्ना के निर्देश पर पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है।
कोलकाता में करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राज्यभर में 86 छोटी और आठ प्रमुख रथ यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें कोलकाता की इस्कॉन रथ यात्रा प्रमुख है।
पुलिस के अनुसार, छोटी रथ यात्राओं में 100 से 150 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जबकि इस्कॉन समेत प्रमुख आयोजनों में दो हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुट सकती है। संवेदनशील क्षेत्रों में रूट मार्च के साथ-साथ त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) तैनात रहेंगे और प्रमुख मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। सभी थानों को किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच, दीघा स्थित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर में वार्षिक श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव-2026 के लिए भी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में पश्चिम बंगाल समेत देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, सुबह 10:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन के बीच भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पारंपरिक 'पाहंडी विजय' के साथ उन्हें रथों तक लाया जाएगा। दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक रथों का श्रृंगार और भोग अर्पित किया जाएगा। अपराह्न तीन बजे उद्घाटन समारोह होगा, जिसके बाद साढ़े तीन बजे रथ यात्रा शुरू होगी। रथों के शाम साढ़े चार बजे तक गुंडिचा मंदिर पहुंचने और वहां साढ़े पांच बजे पाहंडी विजय संपन्न होने का कार्यक्रम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित