कोल्हापुर , जुलाई 02 -- महाराष्ट्र में रत्नागिरी जिले के फंसावले में गुरुवार सुबह राज्य परिवहन निगम (एसटी) की दो बसों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 15 विद्यार्थी घायल हो गये।

पुलिस के अनुसार, विद्यार्थियों को लेकर जा रही एक बस भावे आडोम से रत्नागिरी की ओर आ रही थी। इसी दौरान फंसावले के पास वह सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गयी, जिससे 15 विद्यार्थी घायल हो गये। हादसे में एक बस के चालक के पैर में भी गंभीर चोट आयी है। सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टक्कर के बाद बस में सवार विद्यार्थियों ने चीख-पुकार मचानी शुरू कर दी। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए विद्यार्थियों को बस से बाहर निकाला।

पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित