उज्जैन , अप्रैल 29 -- पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल ने टिकट चेकिंग अभियान के दौरान एक ही दिन में 16.56 लाख रुपए का राजस्व अर्जित कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने विशेष सघन अभियान चलाते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इस दौरान रतलाम, उज्जैन, इंदौर, चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर, दाहोद, देवास और डॉ. अम्बेडकर नगर सहित विभिन्न स्टेशनों एवं मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 2249 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे यह राजस्व प्राप्त हुआ। अधिकारियों के अनुसार यह सफलता कर्मचारियों की सतर्कता, प्रतिबद्धता और समन्वित कार्य का परिणाम है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हीना वी. केवलरामानी के निर्देशन में वाणिज्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित