बिलासपुर , सितंबर 21 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में तेज बारिश के बीच रविवार रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पुड़ु निवासी संजीव पैकरा (08) पिता संतोष पैकरा रविवार को अपने दोस्त अमन के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से निकला था। इस दौरान क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। दोनों गांव से बाहर पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजीव पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरी बाइक चला रहा विशेष कुमार पैकरा (18) भी टक्कर के बाद सड़क से दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी भी घटनास्थल पर मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर सवार रमन सिंह पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित