भीलवाड़ा , मार्च 16 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के पंडेर थाना क्षेत्र में सोमवार को आठ बच्चों द्वारा अनजाने में रतनजोत के बीज खाने से उनकी हालत बिगड़ गई जिससे उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह बावड़ी गांव में बालाजी मंदिर के पास बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान वहां लगे रतनजोत के पौधे से गिरे बीजों को बच्चों ने खाद्य फल समझकर खा लिया। कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टियां होने लगी। परिजनों को पता चलते ही हडक़ंप मच गया और तुरंत उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इन बच्चों में मुस्कान बानो (12), बेबू बानो (नौ), इरफान मोहम्मद (आठ), मेहरबान (छह), महबूब (13), अनिशा (नौ), यास्मीन (12) और आदित्य मेघवंशी शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। चिकित्सा विभाग की टीम बच्चों की निगरानी कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित