हरिद्वार , मई 15 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के लक्सर में रणसुरा गांव में हुए पुलिस ने शुक्रवार को मारपीट, फायरिंग और बंधक बनाने के चर्चित मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए अंडरग्राउंड हो गया था।
पुलिस के अनुसार, 14 मई को गुफरान पुत्र मुर्सलीम निवासी ग्राम रणसुरा ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया कि 13 मई को अनीश और उसके साथियों ने एक राय होकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से उसके चाचा शौकीन तथा चचेरे भाई शमशाद पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की, दोनों को बंधक बनाया और मोबाइल फोन छीन लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और जांच के बाद पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अनीश पुत्र सईद निवासी ग्राम रणसुरा, थाना लक्सर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मामले में कोतवाली लक्सर में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित