चंडीगढ़ , जून 27 -- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार के ढाणी गारण (हंसनगर) में संत कबीर जयंती पर बीसी चौपाल में 11 लाख रुपये की लागत से बने नए शेड और नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया।

उन्होंने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में संत कबीर के विचारों को सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश बताते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों की जयंती मनाकर नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का प्रयास कर रही है।

श्री गंगवा ने कहा कि बरवाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सीवरेज और पेयजल सहित कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। ढाणी गारण में सीवरेज लाइन स्वीकृत हो चुकी है और जल्द ही एसटीपी का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही ढाणी खान बहादुर में नए जलघर की मंजूरी भी दी गई है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने गांव के वाटर वर्क्स का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित