नयी दिल्ली , अगस्त 31 -- भारत और किर्गिस्तान ने रणनीतिक साझेदारी को अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए आर्थिक तथा वाणिज्यिक क्षेत्र में सहयोग बढाने पर सहमति व्यक्त की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के अवसर पर राष्ट्रपति सादिर झापारोव से मुलाकात की।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा की और दोनों के बीच रणनीतिक साझेदारी को अधिक मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। दोनों ने एक दूसरे की अर्थव्यवस्थाओं के पूरक के रूप में आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग को बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की। उन्होंने छात्र आदान-प्रदान और सांस्कृतिक सहयोग सहित लोगों के बीच बढ़ते संबंधों पर भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने किर्गिज़ गणराज्य की अध्यक्षता में आयोजित एससीओ की बैठकों में भारत की मजबूत भागीदारी को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के बीच घनिष्ठ और दीर्घकालिक संबंधों की विशेषता वाले पारस्परिक सम्मान, विश्वास और समर्थन को दर्शाता है।

श्री मोदी ने किर्गिज़ गणराज्य के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति झापारोव को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भी राष्ट्रपति झापारोव को बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित