भरतपुर , अक्टूबर 05 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में सोमवार को वन्यजीवों के स्वास्थ्य और शारीरिक स्थिति की निगरानी के लिए जोन दो और तीन में वन्यजीवों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

वन विभाग के सूत्रोंं ने बताया कि इस दौरान बाघ, सांभर, चीतल, जंगली सूअर, नीलगाय और लंगूर और अन्य वन्यजीवों का परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान वन्यजीवों की शारीरिक स्थिति का आकलन किया गया, जिसमें सभी वन्यजीव सामान्य रूप से स्वस्थ और सक्रिय पाये गये। किसी भी वन्यजीव में असामान्य शारीरिक स्थिति या अन्य बीमारी के लक्षण नहीं मिले।

रणथंभौर बाघ अभयारण्य में वन्यजीवों के संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित निगरानी के जरिये वन्यजीवों की शारीरिक स्थिति, व्यवहार और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन्यजीवों के स्वास्थ्य की निगरानी का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित