भरतपुर , जून 20 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य के जोन नंबर-5 में सफारी पर गये पर्यटकों को बाघिन टी-111 शक्ति द्वारा करीब एक वर्ष के अपने शावकों को शिकार और जंगल में जीवित रहने के गुर सिखाने का रोमांच से भर देने वाला दुर्लभ नजारा देखने को मिला।
पर्यटकों के साथ सफारी पर गये गाइडों ने शनिवार को बताया कि बाघिन टी-111 शक्ति के एक शावक ने सांभर का शिकार किया। इस दौरान बाघिन शक्ति और उसके दोनों शावक शिकार का आनंद लेते नजर आये।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान पर्यटकों को पहले बाघिन शक्ति और उसके दो शावकों के दीदार हुए। कुछ ही देर बाद एक शावक ने सांभर का शिकार कर लिया। इसके बाद बाघिन और दोनों शावक शिकार के पास मौजूद रहे। इस दुर्लभ दृश्य को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे और उन्होंने पूरे घटनाक्रम को अपने कैमरों में कैद कर लिया। वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह दृश्य खास माना जा रहा है।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व की चर्चित बाघिनों में शामिल बाघिन टी-111 शक्ति इन दिनों अपने क्षेत्र जोन नंबर चार और पांच में अपने दोनों शावकों को शिकार का प्रशिक्षण देती नजर आ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित