भरतपुर , जून 17 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथंभौर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर क्षेत्र में परिक्रमा मार्ग पर बाघिन और उसके शावकों की मौजूदगी के कारण वन विभाग ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर चतुर्थी पर होने वाली पैदल परिक्रमा को बुधवार को स्थगित कर दिया।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। बाघिन अपने शावकों सहित किसी अन्य क्षेत्र में चली जाती है और परिस्थितियां सुरक्षित पाई जाती हैं, तो परिक्रमा दोबारा शुरू की जाएगी। इस संबंध में वन विभाग अलग से सूचना जारी करेगा।
वन विभाग ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने के साथ ही प्रशासन और वन विभाग की ओर से जारी सलाह पर ध्यान देने का अनुरोध किया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने चतुर्थी के अवसर पर भी परिक्रमा मार्ग में बाघिन की मौजूदगी के कारण श्रद्धालुओं की पैदल परिक्रमा प्रभावित हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित