भरतपुर , मई 11 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य क्षेत्र में भीषण गर्मी से बेहाल वन्यजीव गर्मी से राहत पाने के लिए जंगल की झीलों, तालाबों और जगह जगह गड्ढों में भरे पानी में इर्द गिर्द नजर आने लगे हैं जो सफारी के लिए आने वाले देशी विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गए हैं।

वन विभाग के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गर्मी के मौसम की सबसे अधिक मार शरीर पर मोटी चमड़ी एवं घने बालों वाले भालू को झेलनी पड़ रही है जो इसे शांत करने के लिए एक एक घण्टे तक जंगल की झीलों, तालाबों एवं जगह जगह पानी से भरे गड्ढों में नहाते हुए अठखेलियाँ करते नजर आ रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि गर्मी से नजात पाने के लिए पानी में बैठकर शरीर को ठंडा करते भालुओं के पानी मे कुछ देर इधर-उधर घूमने, पंजों से पानी को उछालने, बार-बार पानी में पसरने, पानी में बैठकर सिर हिलाने और शरीर को पूरी तरह पानी में डुबोकर बाहर निकलने के रोमांचक दृश्यों को पर्यटक अपने कैमरों में कैद कर प्रफुल्लित नजर आ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित