भरतपुर , अप्रैल 26 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में युवा बाघ आरबीटी-2511 'मलंग' के एक बार फिर मंदिर मार्ग पर आ जाने से पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।
वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बाघिन टी-107 सुल्ताना का बेटा आरबीटी-2511 'मलंग' जंगल से निकल कर अटल सागर के आगे मिश्रदर्रा गेट की तरफ सड़क पर चहल-कदमी करने लगा। इसके बाद सिंह द्वार की ओर चलने लगा और कुछ कदमों का फासला तय कर सिंह द्वार के पर जाकर बैठ गया।
सूत्रों ने बताया कि बाघ करीब 12 मिनट तक रहा। इस बीच यहां से गुजर रही गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई। हालांकि मलंग की चहल-कदमी को देखकर पर्यटक और त्रिनेत्र गणेश मंदिर के श्रद्धालु भय के साथ रोमांचित भी हुए।
इससे पहले भी कई बार मलंग मिश्र दर्रा गेट के पास चहल- कदमी करता हुआ दिखाई दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित