भरतपुर , अप्रैल 14 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर में रणथंभौर बाघ अभयारण्य में एक कुएं में मंगलवार को तेंदुए का शव मिलने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंडेरा रेंज स्थित बसोंव खुर्द गांव के पास ग्रामीणों की सूचना पर वनकर्मियों का दल मौके पर पहुंचा और कुएं से तेंदुए के शव को निकाला। बाद में राजबाग नाका पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि तेंदुए के शव के करीब 36 घंटे पानी में पड़े रहने की वजह से उसकी त्वचा पूरी तरह गल गई थी। चिकित्सा सूत्रों ने बताया कि यह नर तेंदुआ था। जिसकी उम्र करीब तीन वर्ष है। सम्भवतया किसी शिकार का पीछा करने के दौरान ही वह कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित