भरतपुर , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में रणथम्भौर बाघ अभयारण्य के बालेर रेंज से सटे परिधि क्षेत्रों में गुरुवार को सुबह बिचपुरी गुजरान गांव के आसपास खेतों में बाघ के पगचिन्ह दिखाई देने से हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की सूचना पर बालेर रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी सहित वनकर्मियों के दल ने मौके पर पहुंचकर खेतों और आसपास केइलाकों का निरीक्षण करके पगचिन्हों के आधार पर बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की है।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि बाघ की मौजूदगी की पुष्टि के बाद विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल बाघ की तलाश की जा रही है। सूत्रों के अनुसार बालेर रेंज क्षेत्र में अक्सर बाघ टी-80 नजर आता रहता है। इसी को देखते हुए वन विभाग की ओर से इस क्षेत्र में टी-80 के होने की आशंका जताई गई है। बाघ की संभावित आवाजाही वाले स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
वनकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिये आगाह किया जा रहा है। पता चला है कि बाघ के पगचिन्ह मिलने के बाद किसानों में भय में व्याप्त है। खेतों में सरसों, गेहूं और चने की खड़ी फसलों को जंगली जानवर नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब बाघ की आवाजाही से किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित