भरतपुर , अप्रैल 16 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर की चंबल नदी से सटे पालीघाट के अजीतपुरा गांव में गुरुवार सुबह चीता केपी-2 की मौजूदगी से हड़कंप मच गया।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर रणथम्भौर बाघ अभयारण्य की सीमा में पहुंचे इस चीता की तलाश के लिए वन विभाग के दल जुटे है और उसके ठिकाने की तलाश की जा रही है।

विभागीय सूत्रों ने बताया कि चीता केपी-2 एक दिन पहले मध्य प्रदेश की सीमा पार करके कोटा क्षेत्र में पहुंच गया था। सुबह पार्वती नदी पार करके वह खातौली पहुंचा। इसके बाद रात के अंधेरे में चंबल पार करके सवाई माधोपुर की फलौदी रेंज में आ गया।

सूत्रों ने बताया कि सुबह चीता अजीतपुरा गांव की सड़कों पर घूमता रहा। काफी देर तक सड़कों पर चहलकदमी के बाद वह खेतों में चला गया। उसका पीछा करते कूनो से एक विशेष दल भी रणथंभौर पहुंच गया है। गांव में चीता के आने पर लोगों को सतर्क कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित