भरतपुर , फरवरी 12 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में बाघ की हो रही लगातार आवाजाही के चलते गणेश मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गम्भीर समस्या खड़ी हो रही है।

वन विभाग के सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मंगलवार को सुबह से लेकर रातभर ख्वास जी के बाग में बाघ के एक जोड़े द्वारा शिकार करने के बाद बुधवार को दिन में रणथंभौर दुर्ग में बाघ को कई बार विचरण करते देखा गया। साथ ही शाम को त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग के मिश्रदर्रा गेट पर बाघ आरबीटी- 2511 की उपस्थिति के चलते कुछ समय के लिए रास्ते पर आवागमन प्रभावित रहा।

उन्होंने बताया कि बुधवार शाम बाघ आरबीटी-2511 को त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग स्थित मिश्रदर्रा गेट पर आकर सड़क पर और कभी पानी में करीब आधा घंटे तक चहलकदमी करने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। करीब आधा घंटे बाद बाघ जंगल की ओर चला गया। बाघ के जंगल में लौटते ही मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। क्षेत्र में बाघ की लगातार मौजूदगी के बाद वन विभाग का दल पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है। एहतियात के तौर पर बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित