रांची , अक्टूबर 25 -- झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।
झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) इंटरनेशनल स्टेडियम में सोमवार, 26 अक्टूबर से रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी का मुकाबला झारखंड और दिल्ली के बीच खेला जाएगा। चार दिवसीय इस मैच में दोनों टीमें बेहतर प्रदर्शन कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। मुकाबला सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।
झारखंड की टीम की अगुवाई विराट सिंह करेंगे, जबकि दिल्ली की कमान आयुष वडोनी के हाथों में होगी। घरेलू मैदान पर खेल रही झारखंड की टीम को स्थानीय परिस्थितियों का फायदा उठाने का अवसर मिलेगा। टीम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों पर बेहतर प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी होगी। दूसरी ओर, दिल्ली की टीम भी मजबूत चुनौती पेश करने की तैयारी में है।
झारखंड की टीम में रॉबिन मिंज, अनुकूल रॉय और कौनैन कुरैशी जैसे खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं, दिल्ली की ओर से यश ढुल, नवदीप सैनी और सिमरजीत सिंह जैसे खिलाड़ी मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकते हैं। चार दिवसीय मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बीच संतुलन के साथ-साथ खिलाड़ियों की निरंतरता भी परिणाम तय करने में महत्वपूर्ण होगी।
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले से पहले झारखंड की टीम में दो बदलाव किए गए हैं। प्रमुख बल्लेबाज शिखर मोहन के इंडिया-ए टीम में चयन के कारण उनकी जगह बोकारो के 33 वर्षीय बल्लेबाज कुमार देवव्रत को टीम में शामिल किया गया है। देवव्रत ने जनवरी 2024 में अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मुकाबला खेला था।
कुमार देवव्रत के प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने 55 मैचों में 32.51 की औसत से 2,666 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं। उनके अनुभव से झारखंड की बल्लेबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वहीं, साहिल राज की जगह रांची के शुभ शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। इन दोनों बदलावों के साथ झारखंड की टीम दिल्ली के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।
झारखंड की टीम: विराट सिंह (कप्तान), आदित्य सिंह, जतिन पांडे, मनीषी सिंह, रॉबिन मिंज, शौरभ शेखर, कुमार देवव्रत, सुशांत मिश्रा, अनुकूल रॉय, कौनैन कुरैशी, प्रत्युष सिंह, शुभ शर्मा, शरणदीप सिंह भाटिया, श्रेष्ठ सागर और उत्कर्ष सिंह।
घरेलू मैदान पर झारखंड की टीम के सामने दिल्ली के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन करने की चुनौती होगी। अब देखना होगा कि विराट सिंह की अगुवाई में टीम किस रणनीति के साथ उतरती है और मुकाबले में किसका पलड़ा भारी रहता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित