मैसूरु, अक्टूबर 29 -- अवनीश्वर गौतम (100) की शतकीय पारी के बाद श्रेयस गोपाल (पांच विकेट), विजयकुमार वैशक और मानवंत कुमार (दो-दो विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत कर्नाटक ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मुकाबले में त्रिपुरा को पारी और 116 रनों से करारी शिकस्त दी।

आज यहां त्रिपुरा ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 98रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में वैशक ने परवेज़ सुल्तान (14) रन को आउट कर त्रिपुरा को चौथा झटका दिया। 50वें ओवर में वैशक ने श्रीदम पॉल (50) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद त्रिपुरा का कोई भी बल्लेबाज कर्नाटक के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सका। मणिशंकर मूरासिंह (आठ) और सेंतु सरकार (15) को मानवंत कुमार ने आउट किया। मंदीप सिंह (20) रन बनाकर नाबाद रहे। 79वें ओवर की पहली गेंद पर श्रेयस गोपाल ने अभिजीत सरकार (शून्य) को बोल्ड कर त्रिपुरा की दूसरी पारी का 180 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। इसी के साथ कर्नाटक ने पारी और 116 रनों से जीत हासिल कर ली।

अवनीश्वर गौतम को उनकी शतकीय पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित