बागपत , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के विश्व प्रसिद्ध रटौल आम की मिठास, सुगंध और बागपत की समृद्ध कृषि विरासत का अद्भुत संगम शुक्रवार को आयोजित रटौल आम महोत्सव में देखने को मिला। आम के बागों की हरियाली, पारंपरिक ग्रामीण परिवेश और विभिन्न किस्मों के आमों की आकर्षक प्रदर्शनी ने देश-विदेश से आए मेहमानों का मन मोह लिया।
महोत्सव का शुभारंभ जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने फीता काट कर किया। उन्होंने कहा कि रटौल आम बागपत की पहचान ही नहीं, बल्कि प्रदेश की कृषि संस्कृति और गुणवत्ता का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन स्थानीय किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ रटौल आम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में 45 से अधिक किस्मों के आमों की भव्य प्रदर्शनी लगाई गई। आगंतुकों ने विभिन्न प्रजातियों के आमों का स्वाद चखा और उनकी गुणवत्ता, मिठास तथा प्राकृतिक सुगंध की सराहना की। बागपत विधायक योगेश धामा ने भी रटौल आम का स्वाद लेकर इसकी विशिष्ट पहचान की प्रशंसा की। महोत्सव स्थल को पारंपरिक ग्रामीण संस्कृति के अनुरूप सजाया गया था। चारपाइयों पर बैठकर आम का स्वाद लेने की व्यवस्था, बागपत ब्लूम उत्पादों की प्रदर्शनी तथा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की।
आम के बागों के बीच टोकरियों में सजे विभिन्न किस्मों के आमों का स्वाद लेते हुए लोगों ने महोत्सव का भरपूर आनंद उठाया। देश-विदेश से आए मेहमानों ने भारतीय आतिथ्य, ग्रामीण संस्कृति और विश्वप्रसिद्ध रटौल आम की खुलकर सराहना की। महोत्सव के दौरान जनपद को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने की उपलब्धि का भी जश्न मनाया गया। इस सफलता से कार्यक्रम का उत्साह और अधिक बढ़ गया तथा उपस्थित लोगों ने जिला प्रशासन की सराहना की। कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत रटौल की अधिशासी अधिकारी आस्था पाठक के निर्देशन में किया गया। उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और बेहतर प्रबंधन की सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय, शिवनारायण, डिप्टी कलेक्टर निकेत वर्मा, एसडीएम बड़ौत भावना सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान एवं बड़ी संख्या में आम प्रेमी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित