रायपुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के साकरा गांव के किसान संजय वर्मा ने परंपरागत खेती से हटकर रजनीगंधा (ट्यूबरोज) की खेती करके चार एकड़ जमीन से करीब छह लाख रुपये सालाना मुनाफा कमा रहे हैं।
शासकीय योजना से मिली सहायता से धान की खेती छोड़ उन्होंने रजनीगंधा (ट्यूबरोज) की खेती अपनायी और आज सालाना करीब छह लाख रुपये अर्जित कर रहे हैं।
करीब आठ वर्ष पूर्व फसल चक्र परिवर्तन के तहत शुरू की गयी यह पहल अब उनके लिए मुख्य व्यवसाय बन चुकी है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन से मिले 75 हजार रुपये के अनुदान ने उनकी इस नयी शुरुआत को मजबूत आधार दिया। श्री वर्मा की उगायी रजनीगंधा की मांग अब स्थानीय बाजारों से आगे बढ़कर नागपुर जैसे बड़े शहरों तक पहुंच चुकी है। शादी-विवाह और धार्मिक आयोजनों में इन फूलों की लगातार मांग उन्हें स्थायी आय प्रदान कर रही है।
कम लागत और अधिक मुनाफे वाली इस खेती में एक एकड़ से करीब एक लाख स्टिक का उत्पादन होता है। चार एकड़ में खेती कर वह लगभग 9.60 लाख रुपये तक का उत्पादन कर रहे हैं, जिसमें से करीब 5.40 लाख रुपये शुद्ध लाभ के रूप में मिल रहा है।
श्री वर्मा का कहना है कि शुरुआत में संशय जरूर था, लेकिन मेहनत और जिला प्रशासन के सही मार्गदर्शन से सफलता मिली। अब वह आसपास के किसानों को भी फूलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
जिला उद्यानिकी अधिकारी कैलाश पैकरा ने बताया कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन किसानों के लिए लाभकारी योजना साबित हो रही है। इस योजना के तहत कृषक पारंपरिक धान खेती से आगे बढ़कर फसल चक्रण अपनाते हुए फूलों की खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं। कम लागत में अधिक आय अर्जित कर किसान अब आर्थिक रूप से सशक्त बन रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित