वेलिंग्टन , सितंबर 19 -- न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र ऑकलैंड में एक प्रमोशनल शूट के दौरान चोटिल हो गये। जिससे अगले महीने भारत के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज में उनके खेलने को लेकर संशय हैयह घटना इस सप्ताह के शुरुआत में एक कार्यक्रम में शूट के दौरान डाइव लगाकर कैच पकड़ने के प्रयास में हुई। इस दौरान कैच पकड़ने में रचिन का कंधा डिसलोकेट हो गया। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के बयान में यह नहीं बताया गया है कि रचिन कितने समय तक क्रिकेट से बाहर रहेंगे। हालांकि, इसमें कहा गया है कि उनकी वापसी का फैसला "रिहैब के शुरुआती सप्ताहों में उनके उपचार" को देखकर किया जाएगा।

शूटिंग के दौरान कैच पकड़ने की कोशिश में रचिन सेफ़्टी मैट पर अजीब तरह से गिरे। हालांकि शुक्रवार को उनकी शुरुआती जांच हुई और मेडिकल विशेषज्ञों ने कंधे को किसी बड़े नुकसान की बात से इनकार किया।

न्यूज़ीलैंड का अगला मुक़ाबला अभी एक महीने से भी अधिक दूर है। भारत के खिलाफ उनका सभी प्रारूप का घरेलू दौरा 22 अक्तूबर से टी-20 सीरीज के साथ शुरू होगा। टी-20 सीरीज़ के लिए टीम का ऐलान अगले सप्ताह किया जाना है। एनजेडसी ने कहा है कि यह अभी "साफ नहीं है" कि रचिन उस सीरीज में खेल पाएंगे या नहीं।

न्यूजीलैंड के परफ़ॉर्मेंस मैनेजर माइक सैंडल ने कहा, "यह चोट वाकई बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें रचिन के लिए बहुत बुरा लग रहा है और हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यही है कि वह अच्छी तरह से ठीक हों और जैसे ही संभव हो, मैदान पर वापस लौटें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित