मोतिहारी , अक्टूबर 10 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और जांच एजेंसियों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में शनिवार की देर शाम पांच किलोग्राम चरस और 365 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रक्सौल के कौड़िहार चौक पर पुलिस, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पांच किलोग्राम चरस बरामद की। इस मामले में रामगढ़वा थाना क्षेत्र की धनहर दिहुली पंचायत के लक्ष्मीपुर गांव निवासी राजेश राम की पत्नी मीरा देवी और रक्सौल थाना क्षेत्र के कोइरिया टोला निवासी जयराम साह के पुत्र लक्ष्मण साह को गिरफ्तार किया गया है।अंतरराष्ट्रीय बाजार में चरस की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बतायी जाती है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि दोनों आरोपितों के संबंध में पिछले एक वर्ष से साक्ष्य जुटाए जा रहे थे। पुलिस अब चरस की आपूर्ति के स्रोत, उसके संभावित गंतव्य और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
दूसरी कार्रवाई में हरैया थाना पुलिस ने भारत-नेपाल मैत्री पुल के रास्ते नेपाल से रक्सौल लाई जा रही नशीले इंजेक्शन की खेप पकड़ी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 10 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, एक महिंद्रा कार की तलाशी के दौरान पिछली सीट के नीचे बने तहखाने से 365 पीस नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। कार का पंजीकरण नंबर डीएल-4सीएनबी-4636 है।
इस मामले में बंजरिया थाना क्षेत्र के फुलवार गांव निवासी घुरूप यादव, चन्द्रशेखर प्रसाद और बुद्ध कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है।
कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में गठित टीम ने की। इसमें रक्सौल के अंचलाधिकारी अरविंद कुमार, छौड़ादानो के अंचल पुलिस निरीक्षक रंजन कुमार, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान तथा सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 47वीं वाहिनी के जवान शामिल थे।
पुलिस दोनों मामलों में मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित