शिवपुरी , जुलाई 3 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के 5 जुलाई को प्रस्तावित शिवपुरी दौरे के मद्देनजर जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने लोगों को पीले चावल देकर कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया शिवपुरी के पोलो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में निकटवर्ती क्षेत्र में प्रस्तावित रक्षा संयंत्र का भूमि पूजन करेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में प्रभारी मंत्री श्री तोमर शिवपुरी में प्रवास पर हैं।
श्री तोमर ने गुरुवार रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को पीले चावल भेंट किए और भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उल्लेखनीय है कि अदाणी समूह द्वारा लगभग 2500 करोड़ रुपये की लागत से रक्षा संयंत्र स्थापित किया जाना प्रस्तावित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित