खैरथल-तिजारा , जनवरी 27 -- भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के संबंध में राजस्थान में उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए एक प्रोत्साहन कार्यशाला का आयोजन 29 जनवरी को बीएमए सभागार, भिवाड़ी में किया जा रहा है।
आधिकारिक सू्त्रों ने मंगलवार को बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य राज्य में कार्यरत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) ऑटोमोबाइल पार्ट्स एवं इससे जुड़े उत्पादों के विनिर्माण में संलग्न इकाइयों को अपने उत्पादन के विस्तार एवं विविधिकरण के माध्यम से रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे रक्षा मंत्रालय की आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पाद तैयार करके आपूर्ति कर सकें।
सूत्रों ने बताया कि कार्यक्रम में भारत सरकार, रक्षा मंत्रालय के स्वदेशीकरण विभाग के निदेशक पीयूष कुमार द्वारा रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, स्वदेशीकरण नीति, प्रक्रियाओं एवं आवश्यकताओं पर विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
साथ ही राजस्थान सरकार, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त आयुक्त पी.एन. शर्मा राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों, प्रोत्साहनों एवं सहयोग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर उद्योगों को प्रोत्साहित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित