लखनऊ , अप्रैल 12 -- रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह से रविवार को अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान कर्मचारी-शिक्षक संगठनों और व्यापारियों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा, जिस पर रक्षा मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया।

इप्सेफ के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष वीपी मिश्र के नेतृत्व में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में अतुल मिश्रा, सुरेश रावत और संजय शुक्ला समेत कई पदाधिकारी शामिल रहे। उन्होंने आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, आउटसोर्स व संविदा कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा और न्यूनतम वेतन देने जैसी मांगें उठाईं। इसके अलावा रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, सेवानिवृत्त शिक्षकों को टीईटी से छूट और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित अवध विहार कॉलोनी में कूड़ा निस्तारण और पेयजल समस्या के समाधान की भी मांग रखी। इस पर राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया कि आठवां वेतन आयोग लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे और अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान कराया जाएगा। साथ ही स्थानीय समस्याओं के निस्तारण के लिए नगर निगम को निर्देश देने की बात कही।

वहीं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भी रक्षा मंत्री से मुलाकात की। व्यापारियों ने गोमती नगर, तेलीबाग समेत कई बाजारों में लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा पुराने भवनों को सीलिंग नोटिस दिए जाने का मुद्दा उठाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित