नैनीताल , मार्च 18 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च को हल्द्वानी के दौरे पर आएंगे।

इस संबंध में हल्द्वानी सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री के सचिव और आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में बुधवार को एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 21 मार्च को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयुक्त ने सभी विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और दायित्वों का त्रुटिरहित निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को मंच निर्माण, यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, वीआईपी एवं मीडिया के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, शौचालय और आपातकालीन सेवाओं सहित सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने को कहा। साथ ही आमजन की सुगम आवाजाही और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

आयुक्त ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टीसी मंजूनाथ को सेक्टर वार जिम्मेदारी तय कर सभी कमियों को समय रहते दूर करने को कहा। जल संस्थान को पेयजल टैंकर व डिस्पेंसर जबकि नगर निगम को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को वीआईपी मार्गों को दुरुस्त करने, परिवहन विभाग को आगंतुकों के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने और मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर विभागीय प्रदर्शनी की तैयारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के बाद आयुक्त दीपक रावत ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को मंच व पंडाल निर्माण सहित सभी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित