लखनऊ , जून 6 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के लखनऊ प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कालिदास मार्ग स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल में ख्वाजा मोइनुद्दीन भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति अजय तनेजा, वियतनाम से विशेष प्रशिक्षण शिविर के लिए आए वर्ल्ड वोवीनाम फेडरेशन की टेक्निकल कमेटी के डायरेक्टर मास्टर हुईन खैक गुयेन, कोच मास्टर फाम ची थिन्ह, राष्ट्रीय महासचिव शंकर महाबले (महाराष्ट्र), टेक्निकल डायरेक्टर देवेन मोएरंथम (मणिपुर), संयुक्त सचिव विनोद लखेरा, बृजेश कुमार भाऊ (जम्मू-कश्मीर), ऋषि पाल भारती, देवेंद्र सिंह रावत तथा विनम्र गर्ग शामिल रहे।
भेंट के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने रक्षा मंत्री को लखनऊ में आयोजित सात दिवसीय नेशनल टेक्निकल सेमिनार एवं प्रशिक्षण शिविर की जानकारी दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय वोवीनाम फेडरेशन के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर की सराहना करते हुए कहा कि वोवीनाम मार्शल आर्ट भारत में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि वियतनाम यात्रा के दौरान उन्होंने इस मार्शल आर्ट के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखा था और यह खेल भारत-वियतनाम संबंधों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि भारत में इस खेल के प्रचार-प्रसार और विकास के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही नवंबर में कंबोडिया में आयोजित होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री को पुष्पगुच्छ, वोवीनाम अंगवस्त्र तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया। वर्ल्ड वोवीनाम फेडरेशन के टेक्निकल डायरेक्टर मास्टर हुईन खैक गुयेन ने उन्हें वियतनाम के राष्ट्रपति एवं कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव तो लाम के साथ उनकी मुलाकात का चित्र भी स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित