भोपाल-जबलपुर , अगस्त 27 -- रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को जबलपुर स्थित वाहन कारखाने में टी-सीरीज टैंक ओवरहाल परियोजना का भूमिपूजन किया। मिनी रत्न रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम आर्मर्ड व्हीकल निगम लिमिटेड (एवीएनएल) की इकाई वाहन कारखाने में 472 करोड़ रुपये की लागत से टी-72 और टी-90 टैंकों की मरम्मत एवं ओवरहालिंग के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना के तहत प्रतिवर्ष 80 टैंकों की मरम्मत की क्षमता विकसित होगी। इससे भारतीय सेना को मरम्मत किए गए टैंक समय पर उपलब्ध कराने और उसकी संचालन तत्परता बढ़ाने में मदद मिलेगी। वर्तमान में सेना को प्रतिवर्ष करीब 230 टैंकों की मरम्मत की आवश्यकता होती है, जबकि अवाडी स्थित हेवी व्हीकल्स फैक्टरी की क्षमता 150 टैंक प्रतिवर्ष की है।
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने परियोजना को भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता और औद्योगिक दक्षता का प्रमाण बताते हुए कहा कि आधुनिक युद्ध में टैंक, पैदल सेना, तोपखाना, ड्रोन, वायु शक्ति, निगरानी और सटीक हथियार मिलकर एकीकृत युद्ध प्रणाली का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक सेंसर और नई क्षमताओं से लैस टैंकों की आवश्यकता को देखते हुए यह ओवरहाल सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी।
श्री सिंह ने कहा कि उन्नत प्रौद्योगिकी, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला, औद्योगिक क्षमता और नवाचार वाले राष्ट्र दीर्घकालिक संघर्षों का बेहतर सामना कर सकते हैं। सरकार का लक्ष्य रक्षा उपकरणों का स्वदेशी निर्माण, देश में ही मरम्मत एवं रखरखाव तथा मौजूदा प्रणालियों का आधुनिक तकनीक से उन्नयन करना है।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में देश का रक्षा उत्पादन करीब 1.80 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो वर्ष 2014 में लगभग 46 हजार करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के प्रयासों से भारत वैश्विक विनिर्माण केंद्र और विश्वसनीय रक्षा भागीदार के रूप में आगे बढ़ रहा है।
टी-सीरीज टैंकों की मरम्मत सुविधा से स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए भी अवसर पैदा होंगे। यांत्रिक, विद्युत, इलेक्ट्रॉनिक और हाइड्रोलिक उपकरणों सहित विभिन्न घटकों और उप-प्रणालियों की मांग से स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला विकसित होगी। इससे जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार तथा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में रक्षा क्षेत्र से जुड़े निवेश का स्वागत करते हुए कहा कि इससे मध्यप्रदेश में रक्षा विनिर्माण को मजबूती मिलने के साथ एमएसएमई की भागीदारी भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और देश हर तरह की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार है।
रक्षा मंत्री ने मध्यप्रदेश सरकार की उद्योग, निवेश और रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में की जा रही पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में रक्षा एवं एयरोस्पेस विनिर्माण को बढ़ावा देने के प्रयास मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख रक्षा विनिर्माण केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। इस अवसर पर रक्षा उत्पादन सचिव श्री संजीव कुमार, एवीएनएल के सीएमडी श्री सत्यब्रता मुखर्जी सहित रक्षा उत्पादन विभाग, एवीएनएल और रक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित