नयी दिल्ली , अगस्त 31 -- रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मंगलवार को रक्षा क्षेत्र के स्वायत्त थिंक टैंक 'सेंटर फॉर जॉइंट वॉरफेयर स्टडीज' के दूसरे वार्षिक ट्राइडेंट व्याख्यान का उद्घाटन करेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि मानेकशॉ सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान श्री सेठ का 'राष्ट्र निर्माण के लिए अगली पीढ़ी की क्षमता का लाभ उठाना' विषय पर विशेष संबोधन होगा।

इस व्याख्यान का आयोजन थिंक टैंक के वर्षगांठ समारोह के हिस्से के रूप में 'रक्षा बलों के दृष्टिकोण से राष्ट्रीय पुनरुत्थान' विषय पर किया जा रहा है। कार्यक्रम में एकीकृत रक्षा स्टाफ कमेटी के प्रमुख एयर मार्शल तेजिंदर सिंह 'संयुक्तता और एकीकरण के उभरते आयाम' विषय पर मुख्य वक्तव्य देंगे। लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला (सेवानिवृत्त) 'नागरिक-सैन्य समन्वय: राष्ट्रीय विकास का मार्ग' और सेना उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन 'स्मार्ट तरीके से लड़ना: बहु-क्षेत्रीय अभियान और संयुक्तता की अवधारणा' विषय पर विशेष संबोधन करेंगे।

यह व्याख्यान संयुक्तता और एकीकरण, बहु-क्षेत्रीय अभियानों, नागरिक-सैन्य समन्वय और राष्ट्र निर्माण में सशस्त्र बलों की भूमिका पर विचार-विमर्श के लिए वरिष्ठ नेतृत्व और प्रख्यात विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित