रायपुर , अगस्त 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार ने रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी कर सौगात दी है। योजना के तहत अब तक महिलाओं के खातों में कुल 20,076 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जा चुके हैं।

प्रवक्ता पाण्डे ने यहां जारी बयान में कहा कि बालोद जिले में 25 अगस्त को आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह के दौरान सितंबर माह की 31वीं किस्त का भुगतान किया गया। ई-केवाईसी करा चुकीं कुल 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राही महिलाओं को 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से दी गई।

उन्होंने बताया कि इसमें नियद नेल्लानार योजना क्षेत्र की 6,897 हितग्राही महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें 11वीं किस्त का भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक कुल 20,076 करोड़ रुपये का भुगतान महिलाओं को किया जा चुका है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार समाज के हर वर्ग तक महतारी वंदन योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के अनुरूप राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद महिलाओं को योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य शुरू किया गया।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी किया जाना महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार का एक और कदम है। सरकार प्रदेश की माताओं और बहनों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। सुश्री पाण्डे ने बताया कि एक मार्च 2024 से लागू महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके सामाजिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने दावा किया कि यह योजना सुकन्या समृद्धि, स्वावलंबन तथा कुपोषण और एनीमिया निवारण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से राशि का भुगतान किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित