चमोली , अगस्त 24 -- उत्तराखंड के चमोली में रक्षाबंधन पर्व से पहले सोमवार को चमोली पुलिस कार्यालय में भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता से जुड़ा भावुक माहौल देखने को मिला।
राष्ट्रीय सेविका समिति की बहनें आज अपने हाथों से तैयार की गई हैंडमेड और क्रोशिया राखियां लेकर पुलिस कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार और पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग मदन सिंह बिष्ट की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित और सुखद जीवन की कामना की।
बहनों के हाथों से तैयार राखियों में उनकी मेहनत के साथ स्नेह और शुभकामनाओं का भाव भी दिखाई दिया। पुलिस अधिकारियों ने बहनों के इस आत्मीय स्नेह और सम्मान के लिए उनका आभार जताया।
इसी कड़ी मे ब्रह्माकुमारीज संस्थान की बहनों ने भी पुलिस अधीक्षक चमोली को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
गौरतलब है कि रक्षाबंधन से पहले हुए इस आयोजन ने पुलिस और समाज के बीच आत्मीय रिश्ते की झलक पेश की है। ड्यूटी के दौरान परिवार से दूर रहकर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के लिए समाज की बहनों का यह स्नेह भावनात्मक संबल और हौसला बढ़ाने वाला रहा। पुलिस अधिकारियों ने भी इस आत्मीय पहल को सराहनीय बताते हुए बहनों का धन्यवाद किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित