छिंदवाड़ा , अगस्त 12 -- रक्षाबंधन के पर्व से पहले छिंदवाड़ा पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त गुम मोबाइल फोन की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 501 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ छह हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में जिला साइबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से इन मोबाइल फोन को अलग-अलग स्थानों से ट्रेस कर बरामद किया। बरामद मोबाइल फोन पुलिस कंट्रोल रूम छिंदवाड़ा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।

मोबाइल वापस मिलने वालों में कई बहनें भी शामिल थीं। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी और संतोष नजर आया। पुलिस के इस प्रयास को रक्षाबंधन के अवसर पर नागरिकों के लिए खास सौगात माना जा रहा है।

मोबाइल बरामदगी में साइबर सेल के आर. आदित्य रघुवंशी, नितिन सिंह, अभिषेक ठाकुर, राहुल इंडारे, अंकित शर्मा और मोहित चन्द्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित