गोइंदवाल साहिब , अगस्त 26 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रक्षाबंधन के अवसर पर बुधवार को 1.37 लाख सत्कार सखियों के खातों में 52.20 करोड़ रुपये की सम्मान राशि हस्तांतरित की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना को घर-घर पहुंचाने और 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने में सत्कार सखियों की अहम भूमिका रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक योजना के तहत 76.11 लाख महिलाएं पंजीकृत हो चुकी हैं, जिनमेंसे 68.06 लाख महिलाओं के खातों में 2,381 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता पहुंचाई जा चुकी है। सरकार ने एक करोड़ महिलाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

श्री मान ने कहा कि प्रत्येक पंजीकरण पर सत्कार सखी को 300 रुपये मिलेंगे। इसके तहत 100 रुपये प्रति पंजीकरण की दर से 51.20 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है। एक करोड़ पंजीकरण का लक्ष्य पूरा होने पर सत्कार सखियां 200 करोड़ रुपये से अधिक कमा सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला को बिना किसी शर्त सम्मान राशि देने वाली यह देश की अनूठी योजना है। सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह सीधे बैंक खातों में दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योजना के लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

श्री मान ने कहा कि यह राशि महिलाओं को अमीर बनाने के लिए नहीं, बल्कि उनके सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती के लिए है। उन्होंने सत्कार सखियों से अपील की कि पंजीकरण के बाद भी वे लाभार्थी परिवारों के संपर्क में रहें और जरूरत के समय उनका सहयोग करें।

आम आदमी पार्टी पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. अमनदीप कौर ने सत्कार सखियों और महिला विंग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं के केवल फॉर्म नहीं भरे, बल्कि उनके जीवन में बदलाव लाने में सहयोग किया है। उन्होंने दावा किया कि महिला विंग 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जमीनी ताकत को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरभजन सिंह ईटीओ, विधायक डॉ. जीवनजोत कौर, विधायक इंदरजीत कौर और अन्य नेता एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार रहने तक मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना बंद नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित