रायपुर , जुलाई 26 -- रक्षाबंधन के अवसर पर देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 'ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026' शुरू किया गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेश की माताओं, बहनों और बच्चों से अभियान में भाग लेते हुए 30 जुलाई तक हस्तनिर्मित राखी, शुभकामना संदेश और आंगन की पावन मिट्टी निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र अथवा विभागीय परियोजना कार्यालय में जमा कराने की अपील की है।
सुश्री राजवाड़े ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रदेशवासियों का स्नेह और सम्मान सीधे सीमाओं पर तैनात जवानों तक पहुंचेगा।
उन्होंने लोगों से अपने हाथों से राखी तैयार कर सैनिकों के नाम शुभकामना संदेश लिखने तथा विजय तिलक के लिए आंगन की एक चुटकी पावन मिट्टी भी लिफाफे में रखने का आग्रह किया। उनके अनुसार यह मिट्टी मातृभूमि के आशीर्वाद और छत्तीसगढ़ की आत्मीय भावनाओं का प्रतीक होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित