कोटा , अगस्त 18 -- राजस्थान में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेल द्वारा सोगरिया-मथुरा-सोगरिया, सोगरिया-जबलपुर-सोगरिया एवं कोटा-हजरत निजामुद्दीन-कोटा के बीच तीन जोड़ी विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने मंगलवार को बताया कि गाड़ी संख्या 02921/02922 सोगरिया-मथुरा-सोगरिया अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल का संचालन 24 से 30 अगस्त तक दोनों दिशाओं में सात-सात फेरों के लिए किया जाएगा। गाड़ी संख्या 02921 सोगरिया से सुबह साढ़े आठ बजे प्रस्थान करके दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02922 मथुरा जंक्शन से अपराह्न साढ़े तीन बजे प्रस्थान करके रात नौ बजकर 20 मिनट पर सोगरिया पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09806/09805 सोगरिया-जबलपुर-सोगरिया एक्सप्रेस स्पेशल में गाड़ी संख्या 09806 सोगरिया से 21, 23, 25 एवं 27 अगस्त को शाम को छह बजकर 35 मिनट पर प्रस्थान करके अगले दिन सुबह छह बजकर 55 मिनट पर जबलपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09805 जबलपुर से 22, 24, 26 एवं 28 अगस्त को सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर प्रस्थान करके रात साढ़े 10 बजे सोगरिया पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 09803/09804 कोटा-हजरत निजामुद्दीन-कोटा एक्सप्रेस स्पेशल में गाड़ी संख्या 09803 कोटा से 22, 24 एवं 26 अगस्त को रात सवा 10 बजे प्रस्थान करके अगले दिन सुबह सात बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09804 हजरत निजामुद्दीन से 23, 25 एवं 27 अगस्त को सुबह नौ बजे प्रस्थान करके शाम सात बजकर 35 मिनट पर कोटा पहुंचेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित