पटना , अगस्त 28 -- रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर पुलिस विभाग के स्तर से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर बिहार पुलिस की विशेष पहल की गई है। पुलिस दीदी की टीमों को पेट्रोलिंग की कमान सौंप दी गई है। राज्य के सभी जिलों में 1408 पुलिस दीदी टीमों के स्तर से विशेष पेट्रोलिंग एवं क्षेत्र भ्रमण की शुरुआत की गई है। इन टीमों के स्तर से अपने-अपने थाना क्षेत्रों के अंतर्गत स्कूल, कॉलेज, छात्रावास, कोचिंग संस्थान, मॉल, पार्क, सिनेमा हॉल, मेला, बाजारा, हाट समेत अन्य संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित भ्रमण एवं प्रभावी निगरानी की जा रही है, जिससे महिलाओं महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आवश्यक पड़ने पर महिलाओं एवं बालिकाओं को तत्काल पुलिस सहायता, काउंसलिंग एवं अन्य आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस दीदी टीमों को ईआरएसएस डायल-112 से जोड़ा गया है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर निकटतम ईआरएसएस वाहन एवं अन्य पुलिस टीमों से तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पहले चरण में 1500 तथा दूसरे चरण में 01 हजार, इस तरह 2500 पुलिस दीदी टीमों के गठन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले से कार्यरत अभया ब्रिगेड के स्थान पर वर्तमान में आवश्यकताओं के अनुरूप पुलिस दीदी टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में एक महिला पुलिस पदाधिकारी को प्रभारी तथा एक महिला पुलिसकर्मी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा उनके लिए सुरक्षित एवं भरोसेमंद वातावरण तैयार करने के उदेश्य से सभी जिलों में इस तरह की टीम का गठन किया गया है।
पुलिस दीदी की टीम स्कूल, कॉलेज, छात्रावासों और कोचिंग संस्थानों में जाकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संपर्क स्थापित करेगी तथा उनकी सुरक्षा से संबंधित समस्याओं के साथ ही आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करेगी। संबंधित संस्थानों के प्रशासन, शिक्षकों, वार्डनों एवं संचालकों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी तालमेल बनाया जाएगा। महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा उपलब्ध पुलिस सहायता एवं आपातकालीन सेवाओं के संबंध में जागरूक किया जाएगा। किसी तरह की छेड़खानी, पीछा करने, उत्पीड़न अथवा अन्य आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित और आवश्यक विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित